Counter Perspective (काउन्टर पर्सपेक्टिव) कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी

कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी 
----------------------------------------

कक्षा की पहली पंक्ति में बैठे हुए और अन्तिम पंक्ति में बैठे हुए विद्यार्थी में अन्तर होता है

प्रथम पंक्ति में बैठा विद्यार्थी सिर्फ़ अध्यापक और ब्लैक बोर्ड को ही देख पाता है, और अन्तिम पंक्ति में बैठा विद्यार्थी, अध्यापक व ब्लैक बोर्ड के अलावा पूरी कक्षा को, सभी खिड़कियों, रोशनदानों वगेरह को भी ठीक से देख पाता है

कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठे विद्यार्थी का कैनवास थोड़ा ज्यादा बड़ा होता है, वह पैनारोमिक परिपेक्ष वाला होता है
उसकी सोच का दायरा ज़्यादा बड़ा होता है
उसकी ज़िम्मेदारियाँ कहीं ज़्यादा बड़ी होती हैं
वो विफलताओं से खेलता है
विफलतायें उसके लिए एक खेल सी होती हैं
वो उन्हें दिल से नहीं लगाता
कभी हँसता है उनपर, कभी जूते की नोक पर रखता है
और फुटबाल की तरह खेलता है उनसे
हाँ, बोझ तो होता है उसपर
पर वो उसे बोझा नहीं समझता

अध्यापक को व औरों को उससे कम आशायें होती हैं
इसलिए अगर कभी वो ज़रा सा भी अच्छा करे
सबको ज़्यादा ही लगता है,
इससे उसे प्रोत्साहन भी मिलता है
वो ख़ुश होता है, खुश रहता है और आगे बढ़ता है
ये खुशी उसे अन्दर से आनंदित करती है
उसे प्रोत्साहनों की आदत नहीं होती
उसे प्रोत्साहनों की आदत भी नहीं पड़ती
वो बेवजह के मुगालतों और ग़लत फ़हमियों में नहीं जीता
वो हमेशा यथार्थ के धरातल पर मज़बूती से 
अपने पैर जमाये और सीना ताने खड़ा रहता है, लड़ता रहता है 
केले के छिलके पर कभी फ़िसल भी जाये तो
उसे सिर्फ केले के छिलके से ज़्यादा अहमियत नहीं देता
गिरता है, संभलता है और आगे बढ़ जाता है

कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी
सिर्फ़ उस कक्षा में ही सबसे पीछे की पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी होता है
तकनीकी मायनों में तो वो बेकबेंचर हो सकता है
पर असल में वो जिंदगी का बेकबेंचर नहीं होता 

उसकी ज़िन्दगी की समझ पहली पंक्ति के विद्यार्थी से कहीं अधिक होती है
उसमें ज़िन्दगी के उतार चढ़ावों को हँसते हँसते और खेलते हुए झेलने की कला भरपूर होती हैं

वो ज़्यादा सामाजिक भी होता है
जिस तरह कक्षा में सबसे पीछे बैठकर वो पूरी कक्षा को देख सकता है
सबपर निगाह रखता है उसका परिपेक्ष्य भी वैसा ही विकसित होता है
कक्षा के बाकी विद्यार्थी उसको नहीं देख पाते पर वो सभी को देख सकता है
यदाकदा उनके व्यवहार की समीक्षा भी कर सकता है...

वो हमेशा मस्ती व हंसी के मूड में रहता है जो कालांतर में उसकी आदत बन जाते हैं, 
जो आने वाली जिंदगी में उसे व बाकी लोगों को भी प्रेरित करते हैं...उसमें झुकाव होता है, लचीलापन होता है

कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी 
किताबी कीड़ा नहीं बल्कि
एक ऐसा जानवर होता है जो ज़िन्दगी के बदलते मौसमों 
और भी हर तरह के मौसमों में अपने आप को ढाल लेता है
वो धीमे धीमे ही सही हमेशा आगे बढ़ना जारी रखता है
हमेशा अपने को ठीक व अव्वल ठहराने की प्रवृत्ति भी उसमें नहीं होती, वो सहज होता है सरल होता है
झुका हुआ होता है
उसमें गुरुर नहीं होता

कक्षा की अन्तिम पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी 
असल में जीवन की सबसे अगली पंक्ति में बैठा हुआ विद्यार्थी होता है..!!!


---//संजय श्रोत्रिय
08/01/2021

Comments